बुंदेलखंड में केन बेतवा नदी लिंक परियोजना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया शिलान्यास, रचा इतिहास

बुन्देली न्यूज़,
By -
0
!!.बुंदेलखंड में केन बेतवा नदी लिंक परियोजना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया शिलान्यास, रचा इतिहास.!!

बुंदेली अंदाज में जनता का किया अभिनंदन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले ऐसी योजनाओं का श्रेय अंबेडकर को,कांग्रेस ने कभी उन्हें क्रेडिट नहीं दिया
-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के खजुराहो में केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना की आधारशिला रख दी है। यह परियोजना मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड की तस्वीर बदल देगी। अनुमानित लागत 44,605 करोड़ रुपये है। इससे 44 लाख लोगों को पेयजल उपलब्ध होगा और 7.18 लाख किसान परिवारों को लाभ मिलेगा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले के खजुराहो में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की नींव रखी। यह राष्ट्रीय नदी जोड़ो नीति के तहत पहली परियोजना है। इससे मध्य प्रदेश के 10 जिलों के 44 लाख और उत्तर प्रदेश के 21 लाख लोगों को पीने का पानी मिलेगा। इस परियोजना की लागत लगभग 44,605 करोड़ रुपये है। इससे 2,000 गांवों के 7.18 लाख किसान परिवारों को फायदा होगा। साथ ही, 103 मेगावाट जलविद्युत और 27 मेगावाट सौर ऊर्जा भी बनेगी। यह परियोजना बुंदेलखंड का कायाकल्प करेगी।
कांग्रेस पर बोला हमला....
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर सिर्फ घोषणाएं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस की सरकारें सिर्फ घोषणाएं करती थीं। भाजपा सरकारों की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जहां भी सत्ता में आई है, उसने पुराने रिकॉर्ड तोड़कर काम किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के दीवानों के सपनों को पूरा करने के लिए वे दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
सुशासन दिवस पर क्या बोले पीएम...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मध्य प्रदेश में 1100 से अधिक अटल ग्राम सेवा सदनों के निर्माण कार्य की शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने इसके लिए पहली किस्त जारी करते हुए कहा कि ये सदन ग्रामीण विकास को गति देंगे। उन्होंने कहा, 'हमारे लिए सुशासन दिवस एक दिन का कार्यक्रम भर नहीं है। सुशासन भाजपा सरकारों की पहचान है।' उन्होंने जनता द्वारा लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनाने और मध्य प्रदेश में भाजपा को बार-बार चुनने का कारण सुशासन में जनता का विश्वास बताया।
पीएम मोदी 'भागीरथ'....
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के शिलान्यास समारोह में पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें 'सरकार, समाज और व्यवस्था' पर ध्यान देने के लिए आदर्श बताया। उन्होंने पीएम मोदी के जयपुर वाले बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत को दूसरे देशों के लिए आदर्श बनना चाहिए। सीएम यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक राज्यों के बीच समन्वय नहीं बनाया और बुंदेलखंड की तरफ ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा, 'वे कभी बुंदेलखंड का भला नहीं सोचते हैं। जो हो रहा है यह सिर्फ मोदीजी ही कर सकते हैं।'
अटल बिहारी वाजपेयी पर डाक टिकट जारी....
इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पर एक डाक टिकट भी जारी किया गया। पीएम मोदी ने उन्हें याद करते हुए कहा कि आज उनकी जयंती को 100 साल पूरे हो गए हैं। केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे वहां के लोगों को सिंचाई और पेयजल की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का विकास होगा।
रैली में पहले पहुंचे सीएम यादव....
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शिरकत की। उनके साथ कई मंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा भी शामिल हुए। कई कैबिनेट मंत्री जैसे प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, तुलसी सिलावट और इंदल सिंह कंसाना भी मंच पर उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने इस परियोजना के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया और कांग्रेस पर बुंदेलखंड की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। सीएम यादव ने ढाई लाख लोगों को नौकरी देने का भी वादा किया। इस मौके पर पीएम मोदी को भगवान राम के बाल रूप की मूर्ति भेंट की गई।
क्या होगा फायदा ?....
केन-बेतवा लिंक परियोजना से किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलेगा। पीने के पानी और उद्योगों के लिए भी पानी उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास होगा। पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सूखाग्रस्त बुंदेलखंड क्षेत्र में भूजल स्तर में भी सुधार होगा। इस परियोजना के तहत पन्ना बाघ अभयारण्य में केन नदी पर 77 मीटर ऊंचा और 2.13 किलोमीटर लंबा दौधन बांध बनाया जाएगा। साथ ही, दो सुरंगें भी बनाई जाएंगी। यह बांध पानी को स्टोर करेगा और उसे जरूरत के हिसाब से छोड़ा जाएगा।

#PMOIndia 
#jansamparkchhatarpur 
#CMMadhyaPradesh 
#bageswardhamsarkar 
#VDSharma
#Collector Office Chattarpur 
#SP Chhatarpur
#sanju media

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!