हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र,मतंगेश्वर जलाभिषेक यात्रा में बढ़ता गया श्रद्धालुओं का कारवां
गांव-गांव हुआ भव्य स्वागत,तुलादान कार्यक्रमों में उमड़ा उत्साह सोमवार को खजुराहो पहुंचकर भगवान मतंगेश्वर का होगा जलाभिषेक
महाराजपुर//क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना को लेकर पूर्व विधायक नीरज दीक्षित द्वारा निकाली जा रही तीन दिवसीय भगवान मतंगेश्वर जलाभिषेक पदयात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।यात्रा के दूसरे दिन भी जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया।जलाभिषेक यात्रा के दौरान ग्रामों एवं महाराजपुर नगर सहित विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पूर्व विधायक नीरज दीक्षित और कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया।कई स्थानों पर तुलादान कार्यक्रम भी आयोजित किए गए जिनमें ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण यात्रा में शामिल होते गए जिससे यात्रा का कारवां लगातार बढ़ता गया।*गांव-गांव स्वागत,बढ़ता गया आस्था का कारवां*यात्रा के दौरान ग्रामीणों एवं नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए स्वागत की व्यवस्थाएं कीं।फूल-मालाओं से कांवड़ियों का अभिनंदन किया गया और धार्मिक जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। ग्रामीणों एवं नगरवासियों के जुड़ने से पदयात्रा लगातार बड़ी होती गई।तीन दिवसीय यात्रा के प्रथम दिन श्रद्धालु ग्राम पुतरी पहुंचे जहां रात्रि विश्राम किया गया।रविवार सुबह करीब 10 बजे पुतरी से यात्रा पुनः शुरू हुई।इसके बाद यात्रा पिपट,विक्रमपुर,चोबर और पाए होते हुए राजनगर की ओर रवाना हुई जहां दूसरे दिन रात्रि विश्राम किया जाएगा।यात्रा के दूसरे दिन भी रास्ते में पड़ने वाले गांवों में ग्रामीणों द्वारा श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का स्वागत किया गया।पूर्व विधायक नीरज दीक्षित ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख-शांति,खुशहाली और समृद्धि की कामना को लेकर प्रतिवर्ष यह धार्मिक पदयात्रा निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सेवा और लोगों के हित के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।क्षेत्र की खुशहाली और विकास के लिए कार्य करना उनका प्रथम कर्तव्य है।*सोमवार को मतंगेश्वर धाम पहुंचेंगे श्रद्धालु*तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में सोमवार को श्रद्धालु राजनगर से खजुराहो स्थित भगवान मतंगेश्वर धाम पहुंचेंगे। यहां कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान मतंगेश्वर का विधि-विधान से जलाभिषेक किया जाएगा।जलाभिषेक के दौरान क्षेत्र में सुख-शांति,खुशहाली,समृद्धि और अच्छी वर्षा की कामना की जाएगी।यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है और अंतिम पड़ाव तक बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
https://www.youtube.com/@Bundelenews